✍️ भागीरथी यादव
कोरबा, 11 अगस्त। भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी जिला शाखा कोरबा की प्रबंध समिति की बैठक जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज में चेयरमैन राम सिंह अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और सामाजिक सेवा से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में जिले में रेड क्रॉस के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए ‘सेवा ज्योति’ नाम से स्मारिका प्रकाशित करने का निर्णय लिया गया। इसकी 2000 प्रतियां प्रकाशित होंगी और विमोचन राज्यपाल के कर-कमलों से कराने का प्रस्ताव है। वहीं कोरबा के लिए तैयार अत्याधुनिक ब्लड कलेक्शन बस के इंदौर से जल्द रवाना होने की जानकारी दी गई। बस के संचालन में आ रही दिक्कतों के समाधान के लिए समिति कलेक्टर को लिखित आवेदन सौंपेगी।
संस्था की आम सभा 15 अगस्त के बाद आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया। युवाओं को सेवा कार्यों से जोड़ने के लिए जूनियर रेड क्रॉस (JRC) और यूथ रेड क्रॉस (YRC) विंग गठित करने को भी मंजूरी दी गई।
बैठक में छोटी जमानत राशि नहीं जुटा पाने वाले गरीब कैदियों की सहायता करने तथा देहदान और अंगदान करने वाले लोगों एवं उनके परिजनों को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया। वित्तीय पारदर्शिता के लिए बैंक खातों के संचालन में कोषाध्यक्ष के हस्ताक्षर अनिवार्य किए गए।
रेड क्रॉस के नवनिर्मित भवन का ग्राउंड फ्लोर तैयार हो चुका है, जबकि प्रथम तल का निर्माण तेजी से जारी है। बैठक में नितिन चतुर्वेदी, अनिल अग्रवाल, अमित अग्रवाल, ओमप्रकाश रमानी, योगेश जैन सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
