✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। जिले के पाली तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत खैराडुबान में आम रास्ते की भूमि पर कथित अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत की सरपंच प्रीति अगरिया ने गांव के दो लोगों के खिलाफ तहसीलदार पाली से शिकायत करते हुए राजस्व भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, ग्राम खैराडुबान में खसरा नंबर 423 की भूमि ग्रामीणों के आवागमन और खेती-किसानी के लिए निरंतर निस्तारी मार्ग के रूप में छोड़ी गई है। आरोप है कि इस भूमि पर महावीर और विष्णु, पिता समार सिंह द्वारा मकान एवं आहाता का निर्माण कराया जा रहा है। इससे ग्रामीणों के आवागमन का रास्ता प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
सरपंच द्वारा प्रस्तुत आवेदन में बताया गया है कि ग्रामीणों ने संबंधित लोगों से रास्ते की भूमि पर निर्माण नहीं करने और आवागमन का मार्ग बाधित नहीं करने का आग्रह किया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। इसके बाद ग्राम पंचायत की ओर से प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार पाली कार्यालय की ओर से हल्का पटवारी क्रमांक 16 को निर्देशित किया गया है कि संबंधित भूमि के राजस्व अभिलेखों का मिलान कर मौके पर जांच की जाए और पंचनामा सहित प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए।
अब ग्रामीणों की नजर राजस्व विभाग की जांच और प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी है। यदि जांच में अतिक्रमण की पुष्टि होती है तो आम रास्ते को सुरक्षित रखने के लिए प्रशासन को नियमानुसार कार्रवाई करनी होगी।
सवाल यह है कि ग्रामीणों के आवागमन और खेती-किसानी के लिए छोड़ा गया रास्ता सुरक्षित रहेगा या फिर कथित अतिक्रमण के कारण ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ेगी?
