✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। जिले के पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले पहाड़ी कोरवा परिवार आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। कहीं बिजली की रोशनी नहीं है तो कहीं पानी की सुविधा उपलब्ध नहीं है। इन समस्याओं को लेकर विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समाज कल्याण समिति ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और गांवों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
समिति की ओर से दिए गए ज्ञापन में बताया गया है कि ग्राम पंचायत सतरेंगा के अंतर्गत मोहल्ला खोखरा आमा, कुकरी चोली, बरपानी और चिराईझुंझ सहित पहाड़ी क्षेत्रों में लगभग 30 से 35 पहाड़ी कोरवा परिवार निवास करते हैं। पहाड़ों के ऊपर बसे इन परिवारों के घरों तक अब तक बिजली की सुविधा नहीं पहुंच पाई है। ऐसे में ग्रामीणों को अंधेरे में ही रात गुजारनी पड़ती है।
समिति ने बताया कि बिजली के अभाव में परिवारों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं पेयजल की सुविधा भी उपलब्ध कराने की आवश्यकता है। समाज के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इन बस्तियों में सौर ऊर्जा के माध्यम से बिजली की व्यवस्था की जाए तथा सभी परिवारों को नियमित बिजली और पानी की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
समिति ने जिला प्रशासन से पहाड़ी कोरवा परिवारों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द आवश्यक कदम उठाने की अपील की है, ताकि वर्षों से बुनियादी सुविधाओं से वंचित इन परिवारों को भी बेहतर जीवन जीने का अवसर मिल सके।
