कोरबा दर्री: नदी में हांक दी गईं भैंसें, बहाव में चली गई 7 बेजुबानों की जान; चार महीने बाद भी मुआवजे का इंतजार

✍️ भागीरथी यादव

 

दर्री क्षेत्र में पशुपालक की पीड़ा: शिकायत और सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने के बाद भी नहीं मिला न्याय, आर्थिक संकट से जूझ रहा परिवार

 

कोरबा। इंसान अपनी पीड़ा जुबां से बयां कर सकता है, लेकिन बेजुबान जानवरों की तकलीफ कौन समझेगा? कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र में एक पशुपालक के साथ हुई घटना ने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। आरोप है कि अज्ञात तीन लोगों ने जानबूझकर उसकी भैंसों को हसदेव नदी में हांक दिया, जिसके चलते तेज बहाव में सात पशुओं की जान चली गई। इस घटना में पशुपालक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। दुखद पहलू यह है कि घटना के करीब चार महीने बीत जाने के बाद भी पीड़ित को मुआवजा नहीं मिल पाया है।

 

मिली जानकारी के अनुसार, दर्री थाना क्षेत्र के जनकपुर-अयोध्यापुरी निवासी रामसिंह यादव दूध का व्यवसाय कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनकी मुर्रा नस्ल की भैंसें डांडपारा के आगे हसदेव नदी क्षेत्र में चरने गई थीं। इसी दौरान 19 अगस्त 2026 को सुबह लगभग 6 बजे नदी का बहाव तेज हो गया और सभी भैंसें नदी के बीच स्थित एक टापू पर चली गईं। पीड़ित का आरोप है कि इसी दौरान अज्ञात तीन व्यक्तियों ने उसकी भैंसों को जबरदस्ती नदी की ओर हांक दिया। तेज बहाव में बहने के कारण सात पशुओं की मृत्यु हो गई।

 

पीड़ित के आवेदन के मुताबिक, मृत पशुओं में दूध देने वाली पांच भैंसें, एक गाय का बच्चा और एक भैंस का बच्चा शामिल हैं। ये पशु उसके परिवार की आजीविका का प्रमुख साधन थे। जिन भैंसों के दूध से घर का खर्च चलता था, उनके चले जाने से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

 

घटना के बाद रामसिंह यादव ने 21 अगस्त 2026 को दर्री थाने में लिखित शिकायत दी। इसके बाद 3 सितंबर को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में भी शिकायत दर्ज कराई गई। वहीं 14 अक्टूबर को नायब तहसीलदार दर्री की ओर से भी संबंधित पत्र जारी किया गया। इसके बावजूद पीड़ित का कहना है कि अब तक न तो आरोपियों की पहचान हो सकी है और न ही उसे किसी प्रकार का मुआवजा मिल पाया है।

 

न्याय और सहायता की उम्मीद लेकर रामसिंह यादव ने 23 नवंबर 2026 को जिला कलेक्टर को आवेदन सौंपा है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और शासन के पशुहानि एवं आपदा राहत प्रावधानों के तहत मृत पशुओं का उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।

 

दूध का व्यवसाय छिना, परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट

 

रामसिंह यादव के लिए ये भैंसें केवल पशु नहीं थीं, बल्कि उनके परिवार की रोजी-रोटी और भविष्य का सहारा थीं। एक ही घटना में सात पशुओं को खोने के बाद उनकी आमदनी का बड़ा जरिया समाप्त हो गया है। पीड़ित का कहना है कि आर्थिक तंगी के कारण परिवार का भरण-पोषण करना भी मुश्किल हो रहा है। घटना का दर्द अलग है और न्याय के लिए लगातार दफ्तरों के चक्कर लगाने की परेशानी अलग।

 

अब पीड़ित परिवार की निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हैं। सवाल यह है कि आखिर एक गरीब पशुपालक को अपनी आजीविका उजड़ने के बाद उचित मुआवजे और न्याय के लिए कितना इंतजार करना पड़ेगा?