कोरबा: सचिव स्तर के अधिकारी की पत्नी दर दर भटकने में मजबूर…..

✍️ भागीरथी यादव

 

छुरीकला में खसरा नंबर 858 पर अवैध निर्माण का आरोप, कलेक्टर से लगाई कब्जा हटाने और दोषियों पर कार्रवाई की गुहार

 

कोरबा। जिले के कटघोरा तहसील अंतर्गत नगर पंचायत छुरीकला में जमीन पर कथित अवैध कब्जे और निर्माण का मामला सामने आया है। अपनी जमीन को बचाने के लिए 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला सत्यभामा सिंह ने कलेक्टर कुणाल दुदावत से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनकी भूमि पर रमेश श्रीवास और उनके पिता छतराम श्रीवास द्वारा कथित रूप से अवैध कब्जा कर मकान एवं दुकान का निर्माण किया जा रहा है।

कलेक्टर को सौंपे गए शिकायत पत्र के अनुसार, सत्यभामा सिंह स्वर्गीय विजयपाल सिंह की पत्नी हैं। उनके पति मध्यप्रदेश शासन में सचिव पद पर कार्यरत रहे थे। महिला का कहना है कि नगर पंचायत छुरीकला स्थित खसरा नंबर 858 की भूमि उनके नाम पर दर्ज है। इसके बावजूद रमेश श्रीवास द्वारा जमीन पर कब्जा कर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। विरोध करने पर भी उनकी बात नहीं सुनी जा रही है।

शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि संबंधित व्यक्ति राजस्व अभिलेखों और पट्टे को मानने से इनकार कर रहा है। उनका कहना है कि तहसील और कलेक्टर कार्यालय में शिकायत करने के बावजूद उन्हें अब तक राहत नहीं मिली है। वहीं, मामले में न्यायालयीन प्रक्रिया का हवाला देकर निर्माण कार्य जारी रखने का भी आरोप लगाया गया है। महिला ने निर्माण पर रोक के बावजूद जमीन पर सेप्टिक टैंक और नाली बनाए जाने की बात भी शिकायत में कही है।

बुजुर्ग महिला ने बयां की अपनी पीड़ा

 

शिकायत पत्र में सत्यभामा सिंह ने अपनी पारिवारिक और शारीरिक परेशानियों का भी जिक्र किया है। उन्होंने बताया कि उनकी उम्र 72 वर्ष है और घुटनों में लगातार दर्द रहता है। बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने में उन्हें काफी परेशानी होती है। उनके तीन बच्चे हैं, जिनमें दो पुत्र और एक पुत्री शामिल हैं। महिला ने यह भी बताया कि उनके बच्चे चिकित्सकीय लापरवाही के कारण सुनने में गंभीर परेशानी का सामना कर रहे हैं। ऐसे में जमीन को लेकर चल रहा विवाद उनके परिवार की मुश्किलें और बढ़ा रहा है।

 

महिला ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, खसरा नंबर 858 की भूमि से कथित अवैध कब्जा हटवाने और संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने अपनी शिकायत की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, मुख्य न्यायाधीश, राजस्व मंत्री सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भी भेजी है।

 

अब देखना होगा कि 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला की शिकायत पर जिला प्रशासन क्या कदम उठाता है और उन्हें अपनी जमीन के मामले में कब तक न्याय मिल पाता है।