कोरबा में विकास कार्यों पर कलेक्टर का कड़ा फोकस, गुणवत्ता, पेयजल और योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन के दिए सख्त निर्देश

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा, 15 अप्रैल 2026।

जिले में विकास योजनाओं को गति देने और आमजन तक उनका प्रभावी लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की गहन समीक्षा करते हुए उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समय-सीमा में और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किए जाएं।

कलेक्टर ने अधिकारियों को दो टूक कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक प्राथमिकता से पहुंचे, इसके लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।

डीएमएफ कार्यों में गुणवत्ता पर सख्ती

डीएमएफ (जिला खनिज न्यास) से संचालित निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्कूल, आंगनबाड़ी और आवासीय भवनों में दरवाजे, खिड़कियां, प्लंबिंग व सेनेटरी फिटिंग्स तकनीकी प्राक्कलन (टीएस) के अनुरूप ही लगें। किसी भी प्रकार की लापरवाही पर तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए गए।

गर्मी में पेयजल संकट पर प्राथमिकता

गर्मी को देखते हुए कलेक्टर ने खराब हैंडपंपों की मिशन मोड में मरम्मत कराने के निर्देश दिए। पंचायतों से सूची लेकर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा गया, ताकि ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में पेयजल समस्या का समाधान हो सके।

पीडीएस और स्वनिधि योजना पर सख्त रुख

सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) की समीक्षा में कलेक्टर ने माह के अंत तक सभी सोसायटियों में खाद्यान्न का पर्याप्त भंडारण और पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वहीं, पीएम स्वनिधि योजना में धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कमजोर प्रदर्शन वाले नगरीय निकायों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

जनगणना 2026 की तैयारियों पर जोर

आगामी जनगणना 2026 के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने, बैनर-पोस्टर के माध्यम से प्रचार और अधिकारियों के प्रशिक्षण को समय पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य सेवाओं में तत्परता जरूरी

कलेक्टर ने गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों के आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करने, मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना का लाभ दिलाने और जरूरत पड़ने पर उच्च संस्थानों में रेफर करने के निर्देश दिए।

टीबी मुक्त अभियान को लेकर एक्स-रे जांच बढ़ाने और सभी स्वास्थ्य संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

अन्य प्रमुख निर्देश

पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के निर्देश

महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं की निःशुल्क केवाईसी प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश

आधार और अपार आईडी से वंचित स्कूली बच्चों का चिन्हांकन

निर्माण कार्यों की जियो-टैगिंग और पोर्टल पर समय पर अपलोड अनिवार्य

निष्क्रिय खातों को बंद कर राशि शासन खाते में जमा कराने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश

बैठक में मुख्यमंत्री घोषणाओं, प्रधानमंत्री आवास योजना, मातृ वंदना योजना, रेडी-टू-ईट वितरण, आंगनबाड़ी निर्माण सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने अंत में सभी लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश देते हुए कहा कि पीएमओ, मुख्यमंत्री जनदर्शन, मानवाधिकार आयोग और अन्य महत्वपूर्ण मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

बैठक में निगमायुक्त  आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, अपर कलेक्टर श्री देवेन्द्र पटेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।