✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। मिलाईबाजार से केशला, गंगदेई और तेंदवाही होते हुए नेशनल हाईवे-130A तक जाने वाले जर्जर मार्ग के नवीनीकरण की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। भिलाई बाजार क्षेत्र के समाजसेवी प्रदीप जायसवाल ने जिला कलेक्टर को आवेदन सौंपकर वर्षा ऋतु समाप्त होते ही सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।

उन्होंने आवेदन में बताया कि इस सड़क के नवीनीकरण के संबंध में पूर्व में विधायक कटघोरा प्रेमचंद पटेल, मुख्यमंत्री सचिवालय और कलेक्टर जनदर्शन के माध्यम से भी मांग की जा चुकी है। छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण की ओर से भी सड़क के भारी वाहनों के आवागमन के कारण क्षतिग्रस्त होने का उल्लेख किया गया है। साथ ही वर्ष 2026-27 में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत इसके नवीनीकरण को स्वीकृति मिलने की जानकारी दी गई है।
प्रदीप जायसवाल ने कहा कि यह मार्ग क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है। सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को रोजाना आवागमन में परेशानी होती है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है।
उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि बारिश खत्म होते ही संबंधित विभाग को निर्देश देकर सड़क नवीनीकरण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित और बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।
