✍️ भागीरथी यादव
सुशील जायसवाल की रिपोर्ट
चोटिया/कोरबी। कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत चोटिया में विजयादशमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर भव्य रावण दहन के साथ राधिका आर्केस्ट्रा म्यूजिकल नाइट का आयोजन किया गया। पिछले 18 वर्षों से चली आ रही सांस्कृतिक आयोजन की परंपरा के तहत आयोजित कार्यक्रम में आसपास के गांवों सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे।


कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष श्रीमती माधुरी देवी तंवर, पूर्व तहसीलदार जेपी सिंह, ग्राम पंचायत सरपंच श्रीमती प्यारो राय सिंह बिझवार एवं पंचगण उपस्थित रहे। अतिथियों ने भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान जी की पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मंच संचालन टीएल निषाद ने किया। राधिका आर्केस्ट्रा की रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मनोरंजन किया। हालांकि, अत्यधिक भीड़ के कारण लोगों को अव्यवस्थाओं और असुविधाओं का सामना भी करना पड़ा।
जस गीत पर भक्तिमय हुआ माहौल
कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध जस गीत ‘आमापान’ की धुन पर महिला डांसर की भाव-भंगिमाओं ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। इस दौरान उनके देवी भाव में आने की घटना को देखकर उपस्थित लोगों में श्रद्धा और कौतूहल का माहौल बन गया।
मंच की ओर फेंके ईंट-पत्थर, सरपंच बाल-बाल बचीं
कार्यक्रम के दौरान कुछ शरारती तत्वों द्वारा मंच की ओर ईंट-पत्थर फेंके जाने से अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में मंच पर मौजूद ग्राम पंचायत चोटिया की सरपंच श्रीमती प्यारो बाई बाल-बाल बचीं। घटना से कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। हालांकि, किसी बड़ी अनहोनी की सूचना नहीं है।
देर रात पहुंचे जिला पंचायत अध्यक्ष
कार्यक्रम में देर रात जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह भी पहुंचे। आयोजकों और ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने क्षेत्रवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए आपसी भाईचारे, शांति और सद्भाव के साथ पर्व मनाने का संदेश दिया।
