सर्वमंगला पुल पर ट्रेलर का एक्सल टूटा, थम गए वाहनों के पहिए; पुलिस की तत्परता से खुला जाम

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा। कोरबा-चांपा मार्ग के व्यस्त सर्वमंगला पुल पर शुक्रवार को एक ट्रेलर के अचानक खराब हो जाने से यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। ट्रेलर का एक्सल/व्हील असेंबली टूटने के कारण वह पुल के बीचोंबीच खड़ा हो गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कुछ समय तक राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

घटना की जानकारी मिलते ही सर्वमंगला चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी विभव तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यातायात को नियंत्रित करते हुए जाम की स्थिति संभाली और पुल पर फंसे वाहनों को व्यवस्थित तरीके से निकालने का प्रयास किया।

पुलिस ने तत्काल क्रेन बुलाकर खराब ट्रेलर को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू कराई। एएसआई मनोज राठौर ने बताया कि ट्रेलर का एक्सल/व्हील असेंबली टूट जाने के कारण वह पुल के बीच में ही रुक गया था, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया था।

करीब कुछ समय की मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से ट्रेलर को पुल से हटाया गया, जिसके बाद दोनों ओर रुका यातायात फिर से सुचारु रूप से शुरू हो गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बड़ा जाम टल गया और लोगों ने राहत की सांस ली।

स्थिति सामान्य: ट्रेलर हटाए जाने के बाद सर्वमंगला पुल पर यातायात पूरी तरह सामान्य हो गया है और वाहनों की आवाजाही बिना किसी बाधा के जारी है।