कोरबा ब्रेकिंग: कर्मा देखकर लौट रहे भाई-बहन हादसे के शिकार, बहन की मौत…

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा। जिले के लेमरू क्षेत्र में डोकरमाना और मुंडारा दाड़ के बीच जंगल में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में 12 वर्षीय संतोषी कुमारी की मौत हो गई, जबकि उसका भाई संतु कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल संतु कुमार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डोकरमाना निवासी संतोषी कुमारी, पिता इनजोर साय, अपने भाई संतु कुमार के साथ मुंडारा दाड़ में कर्मा कार्यक्रम देखने गई थी। कार्यक्रम के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान डोकरमाना और मुंडारा दाड़ के बीच जंगल में सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई।

 

हादसे में संतोषी कुमारी की मौत हो गई, जबकि उसका भाई संतु कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया है कि संतु कुमार को सांस लेने में भी परेशानी हो रही है। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

 

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के बाद दूसरी बाइक का चालक मौके से फरार हो गया। इस घटना की विस्तृत जानकारी संतोषी कुमारी के चाचा की बेटी संध्या कुमारी ने दी। हादसे में बालिका की मौत से परिवार में शोक का माहौल है, वहीं घायल संतु कुमार के स्वास्थ्य को लेकर परिजन चिंतित हैं।

 

पुलिस की कार्रवाई और दुर्घटना के संबंध में आधिकारिक जानकारी की पुष्टि होना बाकी है।