✍️ भागीरथी यादव
बलौदाबाजार। जिले के खटियापाटी गांव में सोमवार सुबह तालाब से 16 वर्षीय किशोर सुजल गेंडरे का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। किशोर एक दिन पहले से लापता था। परिजनों ने उसकी तलाश के बाद कोतवाली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह तालाब में झाड़ियों के बीच सुजल का शव फंसा हुआ मिला। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। शव मिलने की खबर से गांव में लोगों की भीड़ जुट गई।
सिर पर चोट के निशान, जांच में जुटी पुलिस
किशोर के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है। इससे उसकी मौत की परिस्थितियों को लेकर संदेह गहरा गया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस हत्या की आशंका समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है, हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खुमान सिन्हा ने बताया कि किशोर का शव मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल मौत के कारणों के बारे में स्पष्ट रूप से कुछ नहीं कहा जा सकता। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
