✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। मकान, जमीन और मलबा बेचने का इकरारनामा कर ₹7 लाख लेने के बाद संपत्ति किसी अन्य व्यक्ति को बेचने के आरोप में रजगामार पुलिस ने आरोपी हनुमान प्रसाद यादव (38) को गिरफ्तार किया है। आरोपी को उत्तर प्रदेश से लौटते समय रतनपुर बस स्टैंड से पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता सिकंदर ने आरोप लगाया था कि 22 नवंबर 2023 को हनुमान प्रसाद यादव और उसकी पत्नी अनीता यादव ने मकान, जमीन एवं मलबे की बिक्री का इकरारनामा किया था। इसके एवज में ₹7 लाख लेने के बाद न तो संपत्ति की रजिस्ट्री कराई गई और न ही मलबा दिया गया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि जमीन बाद में किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी गई।
मामले में चौकी रजगामार, थाना बालकोनगर में अपराध क्रमांक 80/2026 के तहत धारा 420, 34 के तहत अपराध दर्ज किया गया था। पतासाजी के दौरान पुलिस को आरोपी के उत्तर प्रदेश से लौटने की सूचना मिली, जिसके बाद टीम ने रतनपुर बस स्टैंड में उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ धारा 138 NI Act के तीन स्थायी वारंट भी लंबित थे। आरोपी को 2 अक्टूबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 16 अक्टूबर तक न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक विनोद सिंह, प्रधान आरक्षक विनोद सिंह और प्रधान आरक्षक केरोबीन की भूमिका रही।
