एन एच 130 ताना खार के पास भीषण सड़क हादसा: दो ट्रेलरों की आमने-सामने भिड़ंत, एक चालक की मौत, दूसरा चालक मौके से फरार

भालूमोड़ के पास शनिवार सुबह हुआ दर्दनाक हादसा, पुलिस जांच में जुटी

 

सुशील जायसवाल

ताना खार/कटघोरा :-

 

कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भालूमोड़ के समीप शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक ट्रेलर चालक की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार से आ रहे दो ट्रेलरों की आमने-सामने टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और एक चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय दोनों ट्रेलर तेज गति से एक-दूसरे की ओर आ रहे थे। अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।

 

केबिन काटकर निकाला गया शव

 

घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। ट्रेलर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके कारण चालक अंदर ही फंस गया था। पुलिस और बचाव दल ने कटर मशीन की सहायता से केबिन को काटकर चालक के शव को बाहर निकाला।

 

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है। साथ ही उसके परिजनों और वाहन मालिक को घटना की सूचना दे दी गई है।

 

हादसे के बाद चालक फरार

 

हादसे के बाद दूसरे ट्रेलर का चालक अपना वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने फरार चालक और ट्रेलर की पहचान के लिए जांच तेज कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।

 

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

 

प्रारंभिक जांच में तेज गति और लापरवाही को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि फरार चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या एवं हिट एंड रन की धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।

 

पुलिस की अपील

 

कटघोरा थाना पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों पर वाहन चलाते समय गति सीमा का पालन करें, ओवरस्पीडिंग से बचें और सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

 

एक पल की लापरवाही ने एक परिवार से उसका सहारा छीन लिया, वहीं यह हादसा तेज रफ्तार और असावधानी के खतरनाक परिणामों की एक और दर्दनाक मिसाल बन गया है।