✍️ भागीरथी यादव
गनियारी शराब भट्ठी के पास से चोरी हुई बाइक बरामद, आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
बिलासपुर/कोटा। चेतना विरुद्ध नशा एवं प्रहार अभियान के तहत अपराधियों पर लगातार शिकंजा कस रही कोटा पुलिस को मोटरसाइकिल चोरी के मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 40 हजार रुपये कीमत की बिना नंबर प्लेट वाली काले रंग की HF डिलक्स मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 12 जून 2026 को प्रार्थी राजू आदिवासी ने थाना कोटा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम गनियारी स्थित शराब भट्ठी के पास इमली के पेड़ के नीचे खड़ी उसकी बिना नंबर प्लेट वाली HF डिलक्स मोटरसाइकिल अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। शिकायत पर थाना कोटा में अपराध क्रमांक 482/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी कोटा श्रीमती नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने वार्ड क्रमांक-04 घुरू अमेरी में दबिश दी। इस दौरान आरोपी ओम प्रकाश यादव (25 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक-04 घुरू, थाना सकरी को भागने का प्रयास करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव, आरक्षक नंद कुमार यादव, आरक्षक अविनाश शर्मा एवं आरक्षक दीप सिंह कंवर की सराहनीय भूमिका रही।
