✍️ भागीरथी यादव
जांजगीर-चांपा। जिले के चांपा थाना क्षेत्र के ग्राम उच्चभट्ठी में पारिवारिक विवाद के दौरान एक बुजुर्ग की अचानक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि परिवार के लोगों के बीच विवाद के बाद बच्चों में मारपीट होने लगी थी। बच्चों को झगड़ता देख बीच-बचाव करने पहुंचे बुजुर्ग अचानक जमीन पर गिर पड़े। कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार राजकिरण यादव अपने चाचा लोचन प्रसाद यादव के घर पहुंचा था। इस दौरान किसी पारिवारिक बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बच्चे भी आपस में उलझ गए। बच्चों के बीच हाथापाई होते देख लोचन प्रसाद यादव उन्हें अलग कराने के लिए मौके पर पहुंचे।
इसी दौरान बातचीत के बीच लोचन प्रसाद यादव अचानक नीचे गिर गए। घटना के बाद परिजन उन्हें संभालने का प्रयास करते रहे, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी। बुजुर्ग की अचानक मौत से परिवार में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलने पर चांपा पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच शुरू की। पुलिस ने राजकिरण यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। पुलिस के अनुसार बुजुर्ग की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
