कोरबा ब्रेकिंग: तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी को मारी टक्कर, महिला की गई जान…..

✍️ भागीरथी यादव

 

कोरबा। सर्वमंगला चौक में सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे में स्कूटी सवार महिला की जान चली गई। कुसमुंडा की तरफ से आ रहे एक ट्रेलर की चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की सहायता से उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

 

जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह ट्रेलर क्रमांक CG 12 AY 5608 कुसमुंडा की दिशा से कोरबा की ओर आ रहा था। इसी दौरान सर्वमंगला चौक के मोड़ पर ट्रेलर ने स्कूटी क्रमांक CG 12 BR 0460 को टक्कर मार दी। दुर्घटना में स्कूटी सवार महिला सड़क पर गिर पड़ी और उसे गंभीर चोटें आईं।

 

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर सर्वमंगला चौकी पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायल महिला को जिला चिकित्सालय भिजवाया, जहां चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी।

 

मृतका की पहचान बुधवारी, कोरबा निवासी मधुलता रात्रे के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह बलौदा पंचायत में सचिव के पद पर कार्यरत थीं। घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटनाकारी ट्रेलर को अपने कब्जे में लेकर चालक को पकड़ लिया है। मामले में पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

 

भारी वाहनों की आवाजाही बनी चिंता

 

सर्वमंगला चौक कोरबा-कुसमुंडा मार्ग का व्यस्त हिस्सा है। यहां से खदान क्षेत्र के साथ आसपास के गांवों और मां सर्वमंगला मंदिर की ओर लगातार वाहनों का आवागमन होता है। भारी वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण चौक पर यातायात दबाव भी बना रहता है।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की गति नियंत्रित रखना जरूरी है। सोमवार की घटना के बाद एक बार फिर चौक की यातायात व्यवस्था और भारी वाहनों की रफ्तार पर प्रभावी निगरानी की आवश्यकता सामने आई है।