✍️ भागीरथी यादव
धमतरी, 22 अक्टूबर। जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुजगहन में पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। चाकू और लकड़ी के डंडों से किए गए हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अर्जुनी पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 अक्टूबर की रात करीब 10:20 बजे ग्राम मुजगहन के मुख्य मार्ग पर सुदामा साहू के घर के सामने पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ। इस दौरान दीपांशु साहू और विकास साहू के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों, लकड़ी के डंडों और धारदार चाकू से हमला किया गया। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए।
घायलों को तत्काल शासकीय जिला अस्पताल धमतरी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दीपांशु साहू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, विकास साहू का उपचार जारी है।
त्वरित कार्रवाई कर चार आरोपी गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में अर्जुनी पुलिस ने आरोपियों की पतासाजी शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ और मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त दो लकड़ी के डंडे सहित अन्य संबंधित सामान गवाहों की मौजूदगी में जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में फनेश्वर नेताम (18), रितेश नेताम (22), लिलेश उर्फ लिलेश्वर नेताम (20) और नोहर यादव उर्फ काला (23), सभी निवासी रत्नाबांधा, जिला धमतरी शामिल हैं।
अर्जुनी थाना में अपराध क्रमांक 150/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 296, 115(2), 118(1), 351(3), 190, 191(1), 191(2) और 103(1) के अंतर्गत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रकरण में अन्य फरार आरोपियों की तलाश और पतासाजी जारी है।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से आपसी विवादों का समाधान कानून के दायरे में रहकर करने और किसी भी हिंसक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
