चोटिया में आज होगा विशालकाय रावण दहन, राधिका आर्केस्ट्रा की प्रस्तुति बनेगी आकर्षण….

सुशील जयसवाल

 

जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह होंगे मुख्य अतिथि, राम-लक्ष्मण-हनुमान की झांकी के साथ निकलेगी शोभायात्रा

 

चोटिया-कोरबी। ग्राम चोटिया में गुरुवार, 22 अक्टूबर को दशहरा उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर विशालकाय रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान की आकर्षक झांकी के साथ शोभायात्रा निकाली जाएगी। वहीं आतिशबाजी और राधिका आर्केस्ट्रा की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुति कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहेगी। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह है।

ग्राम चोटिया के सरपंच प्रतिनिधि राय सिंह बिंझवार ने बताया कि दशहरा उत्सव का आयोजन झरिया दाई मंदिर के समीप स्थित बाजार स्थल पर किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत रात करीब 8 बजे पुरानी बस्ती चोटिया से भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान की झांकी के साथ शोभायात्रा निकलेगी। जय श्रीराम के जयघोष के बीच शोभायात्रा मुख्य आयोजन स्थल पहुंचेगी, जहां पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ रावण दहन किया जाएगा।

 

जनप्रतिनिधियों की रहेगी मौजूदगी

 

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि पोड़ी उपरोड़ा जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती माधुरी देवी तंवर अध्यक्षता करेंगी। ग्राम पंचायत चोटिया की सरपंच श्रीमती प्यारो राय सिंह बिंझवार सहित क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।

 

रात 10:30 बजे से राधिका आर्केस्ट्रा नाइट शो

 

रावण दहन के बाद रात करीब 10:30 बजे से राधिका आर्केस्ट्रा नाइट शो आयोजित होगा। इसमें कलाकार रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। धार्मिक आयोजन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी ग्रामीण और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले लोगों को इंतजार है।

 

आयोजन समिति ने क्षेत्र के ग्रामीणों, श्रद्धालुओं और युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। दशहरा उत्सव के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देने के साथ आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।