✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। शहर के पुरानी बस्ती क्षेत्र में बढ़ते अपराध, अवैध नशे के कारोबार और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों को लेकर स्थानीय नागरिकों ने जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से असामाजिक गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम नागरिकों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।
ज्ञापन के अनुसार कुछ असामाजिक तत्व खुलेआम नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार कर रहे हैं। इससे महिलाओं, युवाओं, स्कूली विद्यार्थियों तथा स्थानीय नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और क्षेत्र का वातावरण लगातार बिगड़ रहा है।
नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि पुरानी बस्ती में संचालित अवैध नशे के कारोबार की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ प्रभावी अभियान चलाया जाए तथा क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाकर अपराधों पर अंकुश लगाया जाए।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि महिलाओं, छात्राओं और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की जाए, ताकि लोग भयमुक्त वातावरण में अपना जीवनयापन कर सकें।
यह ज्ञापन श्री कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव समिति, पुरानी बस्ती कोरबा की ओर से पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सौंपा गया। ज्ञापन प्राप्त होने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद जताई है।
