✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। अग्रवाल सभा कोरबा द्वारा 19 जुलाई 2026 को ज़ी टीवी के संस्थापक एवं अग्रवाल सभा कोरबा के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे स्वर्गीय नंदकिशोर गोयनका को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सभा में उनके सामाजिक, संगठनात्मक एवं प्रेरणादायी योगदान को याद करते हुए दो मिनट का मौन रखकर शत-शत नमन किया गया।

श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि स्व. नंदकिशोर गोयनका लगभग छह दशक पूर्व अग्रवाल सभा कोरबा की स्थापना से जुड़े रहे और उनके मार्गदर्शन व प्रेरणा से वर्ष 2013 में अग्रसेन गौशाला, कोरबा की आधारशिला रखी गई, जिसके निर्माण एवं विकास में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके देवलोक गमन को पूरे अग्रवाल समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया गया।
सभा में अग्रवाल सभा के पूर्व अध्यक्ष महावीर प्रसाद अग्रवाल, अग्रसेन गौशाला के संस्थापक अध्यक्ष देवी केड़िया, छेदीलाल अग्रवाल तथा पूर्व अध्यक्ष राम सिंह अग्रवाल ने स्व. गोयनका के साथ बिताए पुराने दिनों की स्मृतियां साझा करते हुए उनके व्यक्तित्व एवं समाजसेवा पर प्रकाश डाला।
श्रद्धांजलि सभा का संचालन अग्रवाल सभा के अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल ने किया।
इस अवसर पर शिव अग्रवाल, आशीष अग्रवाल, महावीर अग्रवाल, गोपाल अग्रवाल, जयंत अग्रवाल, शंकर लाल अग्रवाल, श्याम सुंदर अग्रवाल, निकेश अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, सतीश अग्रवाल, जितेंद्र अग्रवाल सहित महिला मंडल से मनीषा अग्रवाल एवं शशि अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
सभा के अंत में सभी ने स्वर्गीय नंदकिशोर गोयनका के समाजहित में दिए गए अमूल्य योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
