
✍️ भागीरथी यादव
पिता ने बेटे संग मिलकर माता-पिता, भतीजे और मूकबधिर भतीजी को कुल्हाड़ी से काट डाला
जांजगीर-चांपा/शिवरीनारायण :- जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भंवतरा में जमीन विवाद ने ऐसा खूनी रूप ले लिया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। मात्र 40 डिसमिल जमीन और पैसों के लालच में एक बेटे ने अपने ही माता-पिता, भतीजे और मूकबधिर भतीजी की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी सोनसाय कश्यप और उसके बेटे गोलू कश्यप को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सोनसाय कश्यप (50) पहले भी अपने सगे छोटे भाई की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट चुका है। बताया जा रहा है कि उसे जेल से बाहर लाने के लिए उसके पिता मेदनीराम (70) ने जमीन बेचकर लाखों रुपए खर्च किए थे। इसके बावजूद आरोपी ने अपने ही परिवार को मौत के घाट उतार दिया।

जानकारी के मुताबिक मेदनीराम ने 40 डिसमिल जमीन करीब 8 लाख रुपए में बेच दी थी और उसी रकम से नया मकान बनवा रहे थे। आरोपी सोनसाय चाहता था कि जमीन बिक्री का पैसा उसे मिले। इसी लालच में उसने बेटे के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
खाट पर मिली चार लाशें, गांव में मचा हड़कंप
मेदनीराम अपनी पत्नी कांति बाई (65), नाती पीतांबर (17) और मूकबधिर नातिन मोगरा के साथ निर्माणाधीन मकान के पीछे बने घर में रह रहे थे। बुधवार रात सभी खाना खाने के बाद सो गए थे।

गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे जब निर्माण कार्य के लिए मिस्त्री पहुंचा तो सामने का दरवाजा बंद मिला। पीछे जाकर देखने पर घर के अंदर चारों की खून से लथपथ लाशें खाट पर पड़ी थीं। घटना की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई।
स्निफर डॉग सीधे आरोपी के घर पहुंचा
सूचना मिलते ही एसपी निवेदिता पाल, एएसपी उमेश कश्यप समेत पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच शुरू की गई। स्निफर डॉग घर के पीछे बाड़ी से होते हुए सीधे आरोपी सोनसाय कश्यप के घर तक पहुंच गया।
पुलिस ने जब आरोपी के घर की तलाशी ली तो वहां से हत्या में इस्तेमाल खून से सनी कुल्हाड़ी बरामद हुई। इसके बाद सोनसाय और उसके बेटे गोलू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
भाई की हत्या के मामले में पहले भी जा चुका है जेल
एएसपी उमेश कश्यप ने बताया कि आरोपी सोनसाय कश्यप का आपराधिक इतिहास रहा है। वह करीब 16-17 साल पहले अपने छोटे भाई की हत्या के मामले में जेल जा चुका है। फिलहाल दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस दिल दहला देने वाली वारदात ने एक बार फिर रिश्तों को शर्मसार कर दिया है, जहां जमीन और पैसों के लालच में बेटे ने अपने ही परिवार को खत्म कर दिया।
