✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में 28 अगस्त की रात सामने आई हत्या की दो अलग-अलग वारदातों ने सनसनी फैला दी। पुलिस ने दोनों मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी और एक अपचारी बालक को चाकू से हत्या के मामले में गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरे मामले में भाई की हत्या करने वाले आरोपी को वारदात के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पहला मामला सिलपहरी शराब दुकान के पास का है। पुलिस के मुताबिक 28 अगस्त की रात करीब 7:30 बजे राकेश प्रजापति अपने दोस्त जितेंद्र साहू के साथ शराब लेने हरदीकला स्थित शराब दुकान गया था। वहां दो युवकों से धक्का-मुक्की के बाद विवाद हो गया। शराब दुकान के बाहर विवाद बढ़ने पर दोनों युवकों ने राकेश के पेट में चाकू से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए।
मामले की सूचना मिलने पर सिरगिट्टी पुलिस ने अपराध क्रमांक 620/2026 के तहत धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर थाना सिरगिट्टी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान एक आरोपी राजा मनहर (25), निवासी कोरमी मोड़ के पास, सिरगिट्टी तथा एक अपचारी बालक को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने राकेश पर चाकू से हमला करने की बात स्वीकार की। दोनों के कब्जे से चाकू बरामद कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
वहीं दूसरी घटना हरदीकला टोना गांव में हुई, जहां पारिवारिक विवाद के दौरान सगे भाई की हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार 28 अगस्त को राखी पर्व मनाने के लिए परिवार के सदस्य सुभाष कुर्रे के घर पहुंचे थे। शाम करीब 5 बजे सुभाष के भाई सुदर्शन कुर्रे का भांजे-भांजी से हुए विवाद को लेकर झगड़ा हो गया। विवाद बढ़ने पर सुदर्शन ने पहले लाठी से सुभाष के साथ मारपीट की। लाठी छीन लिए जाने के बाद वह अपने घर से लोहे का सब्बल लेकर आया और सुभाष के सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से सुभाष की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया।
इस मामले में सिरगिट्टी पुलिस ने अपराध क्रमांक 619/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी गांव में ही छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर सुदर्शन कुर्रे (36), निवासी हरदीकला टोना, थाना सिरगिट्टी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया।
दोनों मामलों में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से हत्या के आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया गया। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर, नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन और थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी के मार्गदर्शन में की गई।
