पत्नी की हत्या कर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश, पति गिरफ्तार

✍️ भागीरथी यादव

 

 

धमतरी, 7 सितंबर। भखारा थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या कर घटना को आत्महत्या का रूप देने का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने आरोपी पति विवेक ध्रुव उर्फ गोलू (30), निवासी सुपैला को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, मृतका वीणा ध्रुव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। मर्ग जांच के दौरान परिजनों और गवाहों के बयान लिए गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सक ने मृत्यु की प्रकृति मानववध (Homicidal) होना बताया। इसके बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 109/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मोबाइल पर किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत करने की बात को लेकर पत्नी से उसका विवाद हुआ था। इसके बाद 4 सितंबर की शाम करीब 5 बजे उसने कमरे में कपड़े सुखाने के लिए इस्तेमाल होने वाली नायलॉन की रस्सी से पत्नी का गला घोंट दिया।

आरोप है कि पत्नी की मौत के बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फांसी पर लटकाने का प्रयास किया गया। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने कमरे में बिस्तर के नीचे से हत्या में प्रयुक्त नायलॉन की रस्सी बरामद कर जब्त की।

आरोपी विवेक ध्रुव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।