✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। ग्राम पंचायत च्यापाली के आश्रित ग्राम राजाडीह में सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सोमवार, 7 सितंबर को कोरबा कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने आंगनबाड़ी केंद्र राजाडीह से मुख्य मार्ग तक सीसी सड़क निर्माण कराने की मांग की है।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र राजाडीह से मुख्य मार्ग तक सड़क की स्थिति काफी खराब है। बारिश के दिनों में सड़क पर कीचड़ और पानी भर जाने से आवागमन में परेशानी होती है। विशेषकर स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों के अनुसार सड़क खराब होने के कारण कई बार वाहन फिसलने जैसी स्थिति भी बनती है।
ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से सड़क निर्माण की आवश्यकता महसूस की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस पहल नहीं हो सकी है। उन्होंने कलेक्टर से मांग की है कि आंगनबाड़ी केंद्र राजाडीह से लगभग 500 मीटर तक सीसी सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन की सुविधा मिल सके।
ज्ञापन सौंपते समय ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि सहित राजाडीह के ग्रामीण मौजूद रहे।
