तिफरा में चाकू लेकर घूम रहा युवक गिरफ्तार, हथियार जब्त

✍️ भागीरथी यादव

 

 

बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के यदुनंदन नगर तिफरा के पास हाथ में धारदार चाकू लेकर लोगों को डराने-धमकाने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से धारदार चाकू भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार आगामी त्योहारों को देखते हुए क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि यदुनंदन नगर तिफरा के पास एक युवक चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना पर सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर युवक को हिरासत में लिया।

 

पूछताछ के दौरान आरोपी की पहचान विनोद साहू (23) पिता स्व. हरप्रसाद साहू, निवासी कुंदरापारा तालाब के सामने बजरंगबली मंदिर के पास तिफरा के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से एक धारदार चाकू जब्त किया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

 

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर अशांति फैलाने, नशाखोरी अथवा हथियार लेकर घूमने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।