उदरदा पर्यटन मार्ग बंद होने से ग्रामीणों में नाराजगी, 10 दिन में समाधान नहीं तो चक्काजाम की चेतावनी

✍️ भागीरथी यादव

 

 

पसान/कोरबा। पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम बैरा उदरदा स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल का वर्षों पुराना मार्ग बंद किए जाने से क्षेत्र के ग्रामीणों और स्थानीय कारोबारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। रेलवे द्वारा पेंड्रारोड-गेवरा दीपका रेल कॉरिडोर निर्माण के चलते मार्ग को अवरुद्ध किए जाने से पर्यटकों की आवाजाही प्रभावित हुई है। इससे पर्यटन से जुड़े दुकानदारों सहित कई परिवारों की आजीविका पर भी असर पड़ने की बात ग्रामीणों ने कही है।

इसी समस्या को लेकर कांग्रेस नेता युसूफ खान के नेतृत्व में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से बंद मार्ग का तत्काल निरीक्षण कराने और आवागमन के लिए सुरक्षित वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की गई।

ग्रामीणों का कहना है कि उदरदा क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य और जलराशि के कारण आसपास के लोगों के साथ दूर-दराज से आने वाले पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र है। मार्ग बंद होने से पर्यटन गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। रेलवे परियोजना के विकास कार्य का समर्थन करते हुए ग्रामीणों ने कहा कि जनहित को ध्यान में रखते हुए रेलवे अंडरपास (RUB), ओवरब्रिज (ROB) अथवा सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग बनाया जाना चाहिए।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को 10 दिनों का समय देते हुए समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन और चक्काजाम की चेतावनी दी है। ग्रामीणों ने कहा कि समय सीमा के भीतर ठोस पहल नहीं हुई तो क्षेत्रवासी सामूहिक रूप से आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।