✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र में जन्मदिन की पार्टी के बाद हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद एक युवक को बोलेरो कैंपर से कुचल दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस सनसनीखेज मामले में जिला पुलिस ने मुख्य आरोपी तुषार ढांडा को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त बोलेरो कैंपर वाहन भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई 2026 की रात करीब 11 बजे दीपका क्षेत्र के 10–12 युवक अपने साथी विकास हुड्डा का जन्मदिन मनाने उरगा थाना क्षेत्र स्थित मीरा रिजॉर्ट पहुंचे थे। पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर तुषार ढांडा और उज्ज्वल कुमार सिंह के बीच विवाद हो गया।
रिजॉर्ट से चेक-आउट करने के बाद सभी युवक बाहर सड़क पर पहुंचे, जहां दोनों के बीच फिर से बहस शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान तुषार ढांडा अपने बोलेरो कैंपर में बैठा और गुस्से में वाहन सीधे उज्ज्वल कुमार सिंह के ऊपर चढ़ा दिया। गंभीर रूप से घायल उज्ज्वल को उसके साथी तत्काल जिला चिकित्सालय, कोरबा लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई शुरू की। थाना उरगा में धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की गई और मुख्य आरोपी तुषार ढांडा को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त बोलेरो कैंपर वाहन भी जब्त कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है तथा प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
