पिकअप में क्रूरतापूर्वक भरे थे 4 गौवंश, पुलिस ने घेराबंदी कर तीन तस्करों को दबोचा

✍️ भागीरथी यादव

 

 

धमतरी, 10 सितंबर। गौवंश के अवैध परिवहन और पशु क्रूरता के खिलाफ धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन में क्रूरतापूर्वक ले जाए जा रहे चार मवेशियों को मुक्त कराया। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 5.42 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, सिहावा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में गौवंश को भरकर अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने नगरी-सिहावा मुख्य मार्ग पर देवपुर चौक के पास घेराबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध पिकअप क्रमांक CG-05 AU-4503 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में चार गौवंश मवेशी क्रूरतापूर्वक भरे मिले।

पुलिस ने मवेशियों को सुरक्षित मुक्त कराया और मौके से तानसिंह साहू (19), भोजराम यादव (19) और करणसिंह यादव (29) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चार मवेशी, जिनकी अनुमानित कीमत 42 हजार रुपये है, तथा करीब 5 लाख रुपये कीमत का पिकअप वाहन जब्त किया गया।

 

मामले में सिहावा थाने में अपराध क्रमांक 71/26 दर्ज कर पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 और 11 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अवैध पशु परिवहन से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

 

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गौवंश की तस्करी और पशु क्रूरता के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।