✍️ भागीरथी यादव
सूरजपुर। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के सलका में 26 वर्षीय शिक्षिका द्वारा अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा है, वहीं मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के मुताबिक, सलका निवासी युवती स्वामी आत्मानंद स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थी। बताया जा रहा है कि रात के समय उसने घर के अंदर फांसी लगा ली। परिजनों को घटना की जानकारी होने के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
प्रेमनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पंचनामा कार्रवाई की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल शिक्षिका के आत्मघाती कदम उठाने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को जुटाते हुए परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
