युवक की मौत के बाद चांपा थाने में हंगामा, आरोपों के बीच आरक्षक ईश्वरी राठौर निलंबित

✍️ भागीरथी यादव

 

परिजनों ने मारपीट और प्रताड़ना का लगाया आरोप, एसपी ने आरक्षक को किया निलंबित

 

जांजगीर-चांपा। चांपा थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत में लिए गए एक युवक की इलाज के दौरान मौत के बाद मामला गरमा गया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए तथा चांपा थाने का घेराव कर दिया। परिजनों ने हिरासत के दौरान युवक से मारपीट और प्रताड़ना किए जाने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने आरक्षक ईश्वरी राठौर को निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार मेंहदीपारा निवासी कुल्लू उर्फ शिव सहिस को बुधवार को अवैध शराब बिक्री के मामले में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत पुलिस ने हिरासत में लिया था। पुलिस के मुताबिक हिरासत के दौरान शाम को उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे चांपा अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर उसे जांजगीर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां गुरुवार सुबह करीब 8 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

युवक की मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने पुलिस पर हिरासत के दौरान मारपीट और प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए थाने का घेराव किया। इस दौरान लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

बताया गया है कि मृतक के पांच बच्चे हैं। पिता की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने आरक्षक ईश्वरी राठौर को निलंबित कर दिया है। घटना को लेकर पुलिस स्तर पर जांच की जा रही है।