✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर। दयालबंद के मधुबन अटल आवास क्षेत्र में शनिवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब अरपा नदी में नहाने गए दो बच्चे पानी के तेज बहाव और गहराई में जाकर लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों बच्चों की तलाश शुरू कराई गई। बाद में SDRF की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसके बाद नदी में सर्च ऑपरेशन तेज किया गया।
जानकारी के अनुसार मधुबन अटल आवास निवासी 12 वर्षीय आयान अंसारी और 16 वर्षीय इमरेश शनिवार दोपहर मोहल्ले के पास स्थित अरपा नदी में नहाने गए थे। नहाने के दौरान दोनों नदी के ऐसे हिस्से में पहुंच गए, जहां पानी की गहराई अधिक थी और गड्ढा भी बताया जा रहा है। इसी दौरान दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे गहरे पानी में चले गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर में दोनों पानी में लापता हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी नदी किनारे पहुंच गए। बच्चों के लापता होने की सूचना पुलिस को दी गई। सिटी कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और तलाश अभियान शुरू कराया। स्थानीय लोगों द्वारा भी नदी के किनारे और आसपास के संभावित स्थानों पर बच्चों को खोजने का प्रयास किया गया।
गोताखोरों के देर से पहुंचने पर लोगों में नाराजगी
हादसे के बाद बच्चों के परिजनों और स्थानीय लोगों में चिंता के साथ आक्रोश भी देखने को मिला। मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि घटना के बाद तत्काल गोताखोरों की जरूरत थी, लेकिन करीब सवा घंटे तक गोताखोरों के नहीं पहुंचने से तलाश अभियान प्रभावित हुआ। लोगों ने नदी में लगातार बढ़ रहे हादसों को देखते हुए रेस्क्यू व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की मांग की।
फिलहाल पुलिस और SDRF की टीम नदी में युद्धस्तर पर दोनों बच्चों की तलाश में जुटी है। नदी के संभावित गहरे हिस्सों और आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। हादसे के बाद घटनास्थल पर परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी हुई है।
