सुशील जयसवाल
रायपुर/कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित (मार्कफेड) रायपुर की 25वीं वार्षिक साधारण सभा सोमवार को न्यू सर्किट हाउस, सिविल लाइन रायपुर में आयोजित हुई। आमसभा में प्रदेशभर से पहुंचे आदिम जाति सेवा सहकारी समितियों के प्राधिकृत अधिकारियों ने मार्कफेड अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त शशिकांत द्विवेदी से मुलाकात कर समितियों की विभिन्न समस्याओं और मांगों से अवगत कराया।

कोरबा जिले से सिरमिना समिति के प्राधिकृत अधिकारी रवि कुमार मरकाम, पसान से रामशरण तंवर, कोरबी से प्रहलाद सिंह, मोरगा से ठंठीलाल सहित अन्य अधिकारियों ने अध्यक्ष को मांग पत्र सौंपा।
मांग पत्र में समितियों में धर्मकांटा की व्यवस्था, मिलरों द्वारा समय पर धान का उठाव सुनिश्चित कराने, अनुबंध की शर्तों का कड़ाई से पालन कराने, छोटे बारदानों में तौल संबंधी समस्या दूर करने तथा समितियों में शेड और अहाता निर्माण कराने की मांग प्रमुखता से रखी गई।
प्राधिकृत अधिकारियों ने बताया कि कई समितियों में शेड और अहाता नहीं होने से धान के सुरक्षित भंडारण में परेशानी होती है। वहीं धान उठाव में देरी से समितियों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। मार्कफेड अध्यक्ष शशिकांत द्विवेदी ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए उनके निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि किसानों और सहकारी समितियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
