चोरी कर जेवर बेचने निकले थे, पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा देखें विडियो……

✍️ भागीरथी यादव

 

 

सोने-चांदी के जेवर, कपड़े और नकदी समेत ₹2.14 लाख का सामान बरामद

 

रतनपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर हुई चोरी के मामलों का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवर, कपड़े और नकदी समेत करीब 2 लाख 14 हजार रुपये का सामान बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, ढोलपारा रतनपुर निवासी बलराम बरगाह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात में घर में अकेले सोने के बाद सुबह उठने पर दरवाजा खुला मिला। घर की पेटी में रखे चांदी के लच्छे, ब्रेसलेट, चांदी की चेन, चूड़ा, सोने का मंगलसूत्र, फुल्ली, टॉप्स तथा 10-12 साड़ियां समेत करीब 1.60 लाख रुपये का सामान चोरी हो गया था।

इसी दौरान सदगुरु कबीर आश्रम के प्रेमदास शास्त्री ने भी आश्रम के कमरे का ताला तोड़कर करीब 500 ग्राम वजन का चांदी का छत्र, जिसकी कीमत लगभग 80 हजार रुपये बताई गई, चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई।

दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ने पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति चोरी के सोने-चांदी के सामान को औने-पौने दाम में बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। पुलिस ने संदेह के आधार पर दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने दोनों चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपियों रामकुमार केंवट (35), निवासी ढोलपारा करैहापारा और जोतराम केंवट (28), निवासी खाल्हेपारा करैहापारा, रतनपुर के कब्जे से चोरी का सामान बरामद कर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह, आरक्षक देवानंद चंद्राकर और आकाश डोंगरे की विशेष भूमिका रही।