✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर। सोशल मीडिया के जरिए एक युवक को बदनाम करने और उसके नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अश्लील व धमकीपूर्ण संदेश प्रसारित करने के मामले में तोरवा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 26 वर्षीय युवती को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि युवती ने न केवल युवक के नाम से फर्जी आईडी बनाई थी, बल्कि उसी आईडी से स्वयं को संदेश भेजकर ब्लैकमेल और अश्लील फोटो भेजने की झूठी शिकायत भी दर्ज कराई थी।
पुलिस के अनुसार तिफरा निवासी संजय रात्रे ने 15 मई 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके नाम से फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर आपत्तिजनक संदेश भेजे जा रहे हैं, जिससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच रहा है। मामले की साइबर तकनीकी जांच और डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण में सामने आया कि फर्जी अकाउंट का संचालन शिव मंदिर के पास रहने वाली प्रीति सूर्यवंशी (26) कर रही थी।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि प्रीति सूर्यवंशी ने जनवरी 2026 में स्वयं थाना तोरवा में शिकायत दर्ज कराई थी कि संजय रात्रे के नाम से संचालित इंस्टाग्राम आईडी से उसे ब्लैकमेल किया जा रहा है। हालांकि तकनीकी जांच में पता चला कि वह आईडी भी उसी के नियंत्रण में थी और उसने खुद को संदेश भेजकर स्क्रीनशॉट तैयार किए थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों के बीच पहले प्रेम संबंध थे। इसी दौरान आरोपिया ने युवक के नाम का दुरुपयोग कर फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल तैयार की और उसे बदनाम करने के उद्देश्य से भ्रामक परिस्थितियां निर्मित कीं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने 21 जून को प्रीति सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है।
