✍️ भागीरथी यादव
रात के अंधेरे में बच्ची की निर्मम हत्या की आशंका, घटनास्थल से सिर गायब मिलने पर गहराया रहस्य; पुलिस हत्यारे और वारदात के कारणों की तलाश में जुटी
गोड्डा (झारखंड)। झारखंड के गोड्डा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है। ललमटिया थाना क्षेत्र के डहुआ गांव में 12 वर्षीय बच्ची की हत्या कर दी गई। सुबह गांव के बहियार में उसका सिरविहीन शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। मासूम की इस तरह हत्या किए जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृत बच्ची की पहचान नीतू मरांडी (12), पिता तलवा मरांडी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बच्ची रात में अपने माता-पिता के साथ घर में सो रही थी। इसी दौरान देर रात वह घर से लापता हो गई। आशंका जताई जा रही है कि किसी ने उसे घर से बाहर ले जाकर धारदार हथियार से हमला किया और उसकी जान ले ली। वारदात के बाद उसका सिर भी घटनास्थल से गायब मिला।
सुबह शव मिलने से गांव में मचा कोहराम
सुबह बहियार में बच्ची का शव दिखाई देने के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया। घटना की भयावहता ने लोगों को झकझोर दिया है। ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और वे इस जघन्य वारदात में शामिल व्यक्ति की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना पर ललमटिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू की। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और संदिग्ध व्यक्ति के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
मासूम की हत्या किसने की, इसके पीछे क्या वजह रही और बच्ची का सिर कहां है? इन सवालों के जवाब अब पुलिस की जांच पर टिके हैं। इस घटना से पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
