✍️ भागीरथी यादव
पाइपलाइन जाम और पंप खराब होने से बढ़ी परेशानी, ग्रामीणों ने कलेक्टर से लगाई गुहार
कोरबा। ग्राम पंचायत सालोरा के कैलाशनगर वार्ड क्रमांक 7 में पेयजल संकट से ग्रामीण परेशान हैं। पिछले करीब एक साल से पानी की समस्या झेल रहे ग्रामीणों को जरूरत के लिए दूर-दूर तक भटकना पड़ रहा है। किसी को दूर स्थित जलस्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है, तो किसी को पानी की व्यवस्था करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। इससे ग्रामीणों, खासकर महिलाओं को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, जल जीवन मिशन के तहत पेयजल आपूर्ति के लिए बिछाई गई मुख्य पाइपलाइन में करीब 500 से 700 मीटर तक जाम होने के कारण पानी की सप्लाई बाधित है। वहीं, गांव में लगा सबमर्सिबल पंप भी बार-बार खराब हो जाता है, जिससे समस्या और गंभीर हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में तालाब और हैंडपंप की सुविधा नहीं होने के कारण पेयजल के लिए दूसरे साधनों पर निर्भर रहना पड़ता है।
विभा कैवर्त ने बताया कि पाइपलाइन जाम होने और सबमर्सिबल पंप बार-बार खराब होने से ग्रामीणों को पानी के लिए काफी परेशान होना पड़ रहा है। समस्या को लेकर सरपंच को कई बार जानकारी देने के बावजूद अब तक उचित समाधान नहीं हुआ है।
ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जाम पाइपलाइन बदलने और गांव में नए सबमर्सिबल पंप की व्यवस्था करने की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर पेयजल संकट दूर करने की अपील की है, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।
