कोरबा : मानदेय शिक्षकों ने सेवा विस्तार के लिए उठ विस्तार के लिए उठाई आवाज, अप्रैल 2027 तक काम देने की मांग….

✍️ भागीरथी यादव

 

जिला शिक्षा अधिकारी के आदेश का हवाला देकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, नियमित शिक्षकों के पदोन्नत होने से रोजगार पर संकट की जताई चिंता

 

कोरबा। जिले के मानदेय शिक्षकों ने अपनी सेवाएं अप्रैल 2027 तक जारी रखने की मांग को लेकर कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। शिक्षकों ने कहा कि व्याख्याता पदों पर पदोन्नति एवं स्थानांतरण प्रक्रिया के चलते स्कूलों में रिक्त पदों की स्थिति बदल गई है, जिससे मानदेय शिक्षकों के कार्य और रोजगार पर संकट उत्पन्न हो रहा है।

मानदेय शिक्षकों के अनुसार, वे लंबे समय से विद्यालयों में अध्यापन कार्य कर रहे हैं। शिक्षकों का कहना है कि शिक्षा सत्र के बीच में सेवा समाप्त होने से उनकी आजीविका प्रभावित होगी। उन्होंने मांग की है कि वर्तमान में कार्यरत मानदेय शिक्षकों को कम से कम अप्रैल 2027 तक अध्यापन कार्य जारी रखने का अवसर दिया जाए।

ज्ञापन में मानदेय शिक्षक भर्ती नियम के बिंदु क्रमांक 5 का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि नियमित शिक्षक के आने पर पद समाप्त किए जाने के प्रावधान पर पुनर्विचार किया जाए, ताकि वर्तमान शिक्षा सत्र में कार्यरत शिक्षकों को राहत मिल सके।

शिक्षकों ने पूर्व में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जारी आदेश का हवाला देते हुए बताया कि सत्र 2025-26 में शासकीय हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में अध्यापन कार्य के लिए मानदेय शिक्षकों की व्यवस्था की गई थी। आदेश में संबंधित विद्यालयों में अप्रैल 2026 तक अध्यापन कार्य सुनिश्चित कराने का उल्लेख था।

 

अब मानदेय शिक्षकों ने आगामी शिक्षा सत्र तक सेवा विस्तार देने की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से मामले पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर शिक्षकों के रोजगार और विद्यार्थियों की पढ़ाई को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लेने की अपील की है।