✍️ भागीरथी यादव
रविवार शाम घर से निकला था जय कुमार, मौत की वजह तलाश रही पुलिस
कोरबा। बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के राकसिपारा डगनिया गांव में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब घर से करीब 100 मीटर दूर नर्सरी में एक युवक का शव पेड़ पर लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।

मृतक की पहचान जय कुमार पटेल (24), पिता मोहन पटेल के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, जय कुमार रविवार शाम घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। रातभर तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह करीब 7 बजे खेत की ओर जा रहे ग्रामीणों ने नर्सरी में शव देखा और पुलिस व परिजनों को सूचना दी।
जय कुमार अविवाहित था और मजदूरी कर परिवार की आर्थिक मदद करता था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि युवक के परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही होगा।
