✍️ भागीरथी यादव
नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के वर्ष 2019 के मामले में धमतरी पुलिस ने छह साल से फरार आरोपी दीपक कुमार उर्फ दयालु (33) को रायपुर से गिरफ्तार किया है, जबकि पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से पीड़िता को सकुशल बरामद किया। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2019 में नाबालिग के लापता होने पर सिटी कोतवाली में मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पीड़िता के अलीगढ़ में होने का पता चला, जिसके बाद पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर उसे बरामद किया। पीड़िता के बयान और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ शादी का झांसा देकर नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और शारीरिक शोषण करने के आरोप में संबंधित धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में आरोपी को गिरफ्तार कर विशेष न्यायालय (एफटीसी), धमतरी में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली की सहायक उपनिरीक्षक पुष्पा पांडेय, आरक्षक गजेन्द्र टंडन और महिला आरक्षक मीनाक्षी साहू की अहम भूमिका रही।
