✍️ भागीरथी यादव
महिला मित्र को घर लाने की बात पर होता था विवाद, वारदात के बाद भागने की फिराक में था आरोपी
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के लिंगियाडीह स्थित अपोलो चौक के पास पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक चाचा ने अपने ही भतीजे के सीने पर चाकू से वार कर उसकी जान ले ली। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल किया गया सब्जी काटने वाला चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 12 अक्टूबर की रात करीब 11:50 बजे की है। घर में अचानक चीख-पुकार सुनकर परिजन जाग गए। इसी दौरान रवि निषाद अपने बड़े भाई मीठालाल के कमरे की ओर पहुंचा, जहां उसने धनीराम निषाद उर्फ कुदन को खून से सना चाकू लेकर बाहर निकलते देखा। कमरे के भीतर अमित निषाद गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा था। उसके सीने पर चाकू से वार के निशान थे।
परिजनों की मदद से घायल अमित को तत्काल 108 एंबुलेंस के जरिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
महिला मित्र को घर लाने पर होता था विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अमित निषाद अक्सर अपनी महिला मित्र को घर लेकर आता था। इसे लेकर उसके चाचा धनीराम निषाद उर्फ कुदन को आपत्ति थी। इसी बात पर दोनों के बीच आए दिन कहासुनी होती रहती थी। घटना की रात भी इसी मुद्दे को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने सब्जी काटने वाले चाकू से अमित के सीने पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई।
घेराबंदी कर पुलिस ने पकड़ा आरोपी
हत्या की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर सरकंडा पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण फोरेंसिक विशेषज्ञों और एफएसएल टीम की सहायता से किया। इसी दौरान आरोपी के भागने की आशंका के बीच घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने वारदात करना स्वीकार किया और घटना में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कराया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान धनीराम निषाद उर्फ कुदन (38 वर्ष), पिता मनीराम निषाद, निवासी अपोलो चौक लिंगियाडीह, थाना सरकंडा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है।
कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में की गई।
