बांकीमोंगरा में मोबाइल दुकान की छत तोड़कर 60 हजार का सामान पार, सीसीटीवी का डीवीआर भी ले उड़े चोर….

✍️ भागीरथी यादव

 

बांकीमोंगरा। कोरबा जिले के बांकीमोंगरा में चोरों के हौसले बुलंद हैं। 4 नंबर मेन रोड स्थित दीप्ति मोबाइल शॉप को चोरों ने दूसरी बार निशाना बनाते हुए करीब 50 से 60 हजार रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोर दुकान की छत का पैराफिट और टीन तोड़कर अंदर घुसे और डीजे सिस्टम, आईपी कैमरा तथा डीवीआर की हार्ड डिस्क समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए।

दुकान संचालक सरवन साहू सुबह दुकान पहुंचे तो छत टूटी मिली और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। चोर सीसीटीवी का डीवीआर भी ले गए। संचालक के मुताबिक, इससे पहले भी दुकान में चोरी हो चुकी है, लेकिन उस मामले में भी चोरों का पता नहीं चल पाया था।

घटनास्थल से पुलिस को हंसिया और एल-नुमा लोहे का औजार मिला है। सूचना पर पहुंची बांकीमोंगरा पुलिस ने जांच शुरू की। शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 211/26 में बीएनएस की धारा 331(4) और 305 के तहत मामला दर्ज किया गया है