खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार बाइक, तीन मौसेरे भाइयों की मौत….

✍️ भागीरथी यादव

 

घोटिया मोड़ के पास हुआ दर्दनाक हादसा, इलाज के दौरान तीनों युवकों ने तोड़ा दम

 

बलौदाबाजार। रायपुर-पलारी मार्ग पर घोटिया मोड़ के पास हुए भीषण सड़क हादसे में तीन मौसेरे भाइयों की मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई, जिससे बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया। इस घटना से मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

 

जानकारी के अनुसार, कोरासी गांव निवासी प्रेम धीवर (18) अपने मौसेरे भाई राज धीवर (18) और पलारी निवासी खिलेश्वर धीवर (18) के साथ सोमवार देर रात बाइक से जा रहा था। इसी दौरान पलारी थाना क्षेत्र के घोटिया मोड़ के पास उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

हादसे की सूचना मिलने पर पलारी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्रेम धीवर की सोमवार को बलौदाबाजार अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, राज धीवर और खिलेश्वर धीवर की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रायपुर के डीकेएस अस्पताल रेफर किया गया था। बुधवार को इलाज के दौरान दोनों ने भी दम तोड़ दिया।

 

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। देर रात शव गांव पहुंचने के बाद परिजनों में शोक छा गया। गुरुवार को तीनों युवकों का अंतिम संस्कार किए जाने की जानकारी है। एक ही हादसे में तीन युवकों की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है।