कोरबा ब्रेकिंग: दर्री थाना के करीब मौत की टक्कर, हाइवा चालक ने मौके पर तोड़ा दम…..

✍️ भागीरथी यादव

 

 

तड़के चार बजे हाइवा और ट्रेलर की आमने-सामने भिड़ंत, विवेक कंस्ट्रक्शन कंपनी में कार्यरत थे मृतक; परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

 

कोरबा। जिले के दर्री थाना के पास सोमवार तड़के करीब चार बजे हाइवा और ट्रेलर के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में हाइवा चालक दिल सिंह (51 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। मृतक अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उनके निधन से पत्नी और तीन बच्चों के सामने अब आर्थिक संकट गहराने की आशंका है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब चार बजे दर्री थाना के समीप हाइवा और ट्रेलर की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि हाइवा चालक दिल सिंह को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद इलाके में हलचल मच गई।

मृतक दिल सिंह, बक्सरा-पंतोरा के निवासी थे और विवेक कंस्ट्रक्शन कंपनी में चालक के रूप में कार्यरत थे। वे अपने परिवार की आजीविका का एकमात्र सहारा थे। उनके तीन बच्चे हैं, जिनकी जिम्मेदारी उनके कंधों पर थी। परिवार की रोजी-रोटी उनके काम से ही चलती थी। ऐसे में अचानक हुई इस मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। कमाने वाले सदस्य के चले जाने से परिवार के सामने भविष्य की चिंता और आर्थिक परेशानियां खड़ी हो गई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा दोनों भारी वाहनों की आमने-सामने टक्कर के कारण हुआ। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है।

 

एक हादसा, कई जिम्मेदारियां अधूरी: दिल सिंह की मौत केवल एक सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि उस परिवार के लिए बड़ा आघात है, जिसकी पूरी आर्थिक जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। तीन बच्चों के सिर से पिता का साया उठने के साथ ही परिवार के सामने जीवनयापन की गंभीर चुनौती खड़ी हो गई है।