चोरी की बाइक पर घूम रहे थे आरोपी, सीसीटीवी और मुखबिर ने खोल दिया राज देखें वीडियो……

✍️ भागीरथी यादव

 

 

बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक गुंडा बदमाश भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी कथित तौर पर संगठित तरीके से चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। उनके कब्जे से दो मोटरसाइकिल और एक बैटरी बरामद की गई है। कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी शिव शंकर सिंगरौले ने 17 अक्टूबर 2026 को थाना चकरभाठा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 14 अक्टूबर को वह अपनी होंडा साइन मोटरसाइकिल से एयरपोर्ट तिराहे की ओर गए थे। सड़क किनारे वाहन खड़ा कर पैदल घूमने के बाद जब वह वापस लौटे, तो मोटरसाइकिल गायब मिली। आसपास तलाश करने के बाद भी वाहन का पता नहीं चलने पर उन्होंने चोरी की शिकायत दर्ज कराई।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने मिलकर होंडा साइन मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके अलावा एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल और बैटरी भी बरामद की गई।

 

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के मामले में एक होंडा साइन मोटरसाइकिल तथा प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के प्रकरण में एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल और एक बैटरी जब्त की है। सभी छह आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

 

ये हैं गिरफ्तार आरोपी

 

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में अमन वर्मा (23), रंजीत श्रीवास (23), आशीष वर्मा (22), अजय उर्फ अज्जू वर्मा (28), नरेश गोड़ (23) और मानस यादव (20) शामिल हैं। सभी आरोपी चकरभाठा थाना क्षेत्र एवं आसपास के निवासी बताए गए हैं।

 

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर हुई कार्रवाई

 

यह कार्रवाई पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक भावेश शेन्डे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की पतासाजी की।

 

पुलिस की अपील: चकरभाठा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी मिलने पर डायल 112 अथवा नजदीकी थाने में सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।