✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। आगामी त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए कोरबा कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 18 अक्टूबर 2026 को चलाए गए अभियान में सात लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। वहीं, लंबे समय से फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी को भी गिरफ्तार किया गया।
कोतवाली प्रभारी प्रेमचंद साहू के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और संभावित विवादों पर समय रहते नियंत्रण करना है। पुलिस ने सात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें सिटी मजिस्ट्रेट न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू की है।
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई की जद में शहबाज अली उर्फ बुट्टू उर्फ गोलू, अनुराग कुमार खुटे, दीपक सोनवानी, मोहन केवट, विशाल दास, छोटू यादव और सूरज दास महंत आए हैं। इन सभी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
2019 के मामले में फरार वारंटी पकड़ा गया
अभियान के दौरान पुलिस ने सुखलाल यादव (48), निवासी रामसागर पारा, दलिया गोदाम हनुमान गली, को भी गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, कोरबा में प्रकरण क्रमांक 83/2019 के तहत परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 का मामला लंबित है। वह लंबे समय से न्यायालय में पेश नहीं हो रहा था और स्थायी वारंटी के रूप में उसकी तलाश की जा रही थी। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
शांति भंग करने वालों पर रहेगी नजर
कोतवाली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान हुड़दंग, मारपीट, शराब के नशे में गाली-गलौज और अन्य संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से शांति बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल नजदीकी थाना, पुलिस चौकी या डायल-112 पर देने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक, क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए आगे भी आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।
