कोरबा : 7 साल की बच्ची से रेप-मर्डर, रजगामार में आक्रोश; दुकानें बंद देखें वीडियो…..

✍️ भागीरथी यादव

 

कोरबा। रजगामार क्षेत्र में सात वर्षीय मासूम भव्या जोशी के साथ हुई दरिंदगी और हत्या की घटना से पूरे इलाके में आक्रोश है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार को न्यायालय परिसर में भी गुस्सा फूट पड़ा। पेशी के बाद बाहर लाए जाने के दौरान कुछ लोगों ने आरोपी अजय उर्फ अमित चौहान के साथ मारपीट कर दी। पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद उसे भीड़ से छुड़ाया और सुरक्षा के बीच पुलिस वाहन तक पहुंचाया।

आरोपी का कुछ दूर तक निकाला गया जुलूस

आरोपी की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही रजगामार चौकी में बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। लोगों ने आरोपी को सामने लाने की मांग करते हुए हंगामा किया। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने आरोपी का कुछ दूर तक जुलूस भी निकाला। हालात बिगड़ने की आशंका के बीच पुलिस ने सतर्कता बरती और आरोपी को सुरक्षित तरीके से वहां से निकाला। बाद में न्यायालय परिसर में भी आरोपी को लेकर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

पोस्टमार्टम के बाद घर लाया गया शव, घटनास्थल के पास अंतिम संस्कार

 

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मासूम का शव उसके घर लाया गया। परिजनों और ग्रामीणों ने नम आंखों से बच्ची को अंतिम विदाई दी। इसके बाद घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर उसका अंतिम संस्कार किया गया। इस हृदयविदारक घटना से रजगामार सहित कोरबा क्षेत्र के लोगों में गहरा दुख और नाराजगी है।

पैसे गिरने का झांसा देकर बच्ची को ले गया था आरोपी

 

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के अनुसार, बच्ची 19 अक्टूबर को सामान लेने घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने तलाश शुरू की। 22 अक्टूबर को रजगामार पुरानी बस्ती के पीछे पुराने ईंट-भट्ठे के समीप जंगल में बच्ची का शव मिला। जांच में सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अंतिम बार साथ देखे जाने के तथ्यों के आधार पर आरोपी अमित चौहान की पहचान की गई। पुलिस ने उसे बांगो थाना क्षेत्र के जंगल से गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बच्ची को रास्ते में पैसे गिरने की बात कहकर उन्हें वापस दिलाने का झांसा दिया और अपने साथ ले गया। इसके बाद वारदात को अंजाम दिया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 66 तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 और 6 जोड़ी गई हैं। यौन अपराध से जुड़े पहलुओं की पुष्टि के लिए चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रोजगार मार्ग की दुकानें बंद, शराब दुकान के विरोध में ग्रामीण

मासूम के साथ हुई घटना के विरोध में रजगामार के रोजगार मार्ग पर दुकानें बंद रहीं। राजगढ़ मार्केट में स्थित शासकीय शराब दुकान को बंद कराने की मांग भी ग्रामीणों ने उठाई। लोगों ने शराब दुकान के विरोध में नाराजगी जताते हुए इसे बंद करने की मांग की। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

आरोपी के खिलाफ कठोर सजा की मांग

घटना के बाद विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने आरोपी को कठोर सजा दिलाने की मांग की है। आम आदमी पार्टी की ओर से सुभाष चौक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित करने और रजगामार में कांग्रेस की ओर से कैंडल मार्च निकालने की जानकारी दी गई है। क्षेत्र के लोग मामले में त्वरित न्याय और दोषी को कड़ी सजा दिलाने की मांग कर रहे हैं।