✍️ भागीरथी यादव
पेंड्रा, 26 अक्टूबर। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में तेज रफ्तार बुलेट बाइक का सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया। भाड़ी गांव के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल कोरबा जिले के पाली निवासी ललित यादव की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

मिली जानकारी के मुताबिक, ललित यादव बुलेट से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान बाइक पर से नियंत्रण हटने के कारण यह हादसा हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उन्हें गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। पेंड्रा पुलिस ने मामले में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
