कोरबा: बाइक और दस्तावेजों ने बढ़ाया था शक, अब नदी में मिला आरक्षक का शव

✍️ भागीरथी यादव

 

कोरबा। जिले के मोरगा चौकी क्षेत्र में केंदई के पास हसदेव नदी में लापता हुए आरक्षक सुनील बेक का शव सोमवार को बरामद कर लिया गया। करीब 72 घंटे तक चले तलाशी अभियान के बाद एसडीआरएफ की टीम को सफलता मिली। आरक्षक का शव मिलने की खबर से पुलिस विभाग और परिजनों में शोक का माहौल है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 अक्टूबर को केंदई के पास पुल पर बाइक क्रमांक CG 14 MX 1898 लावारिस हालत में खड़ी मिली थी। बाइक के समीप मोबाइल फोन, पर्स, पुलिस पहचान पत्र और आधार कार्ड भी मिले थे। दस्तावेजों की जांच में बाइक आरक्षक सुनील बेक की होने की पुष्टि हुई। वह सरगुजा जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत तारापुर चौकी में आरक्षक के पद पर पदस्थ थे।

 

पुल पर बाइक और व्यक्तिगत सामान मिलने के बाद पुलिस ने हसदेव नदी में उनके छलांग लगाने की आशंका जताई। सूचना पर मोरगा चौकी प्रभारी मंगतू राम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक सामान बरामद किया। इसके बाद आरक्षक की तलाश के लिए एसडीआरएफ के गोताखोरों को बुलाया गया। टीम ने लगातार अभियान चलाते हुए सोमवार को नदी से उनका शव निकाल लिया।

 

शव मिलने के बाद पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरक्षक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।