✍️ भागीरथी यादव
खेत और घर से केबल तार चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, चोरी में इस्तेमाल सामग्री भी जब्त
बिलासपुर/कोटा। क्षेत्र में घूम-घूमकर केबल तार चोरी करने वाले एक आरोपी को कोटा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 240 मीटर केबल तार सहित चोरी में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री जब्त की है। आरोपी के खिलाफ दो अलग-अलग चोरी के मामले दर्ज थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहला मामला ग्राम लिटिया का है। यहां रहने वाले बालाराम मेश्राम ने 14 अक्टूबर 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 अक्टूबर की रात रामप्रसाद साहू के घर में रखे करीब 40 मीटर केबल तार, जिसकी कीमत लगभग 6 हजार रुपये थी, अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया है।
वहीं, दूसरा मामला ग्राम करगी कला का है। 30 अक्टूबर को हंसराज साहू अपने खेत में लगी फसल देखने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने देखा कि एक युवक बोर पंप में लगे करीब 200 मीटर केबल तार को चोरी कर ले जा रहा है। प्रार्थी को देखकर युवक मौके से भागने लगा। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर कोटा पुलिस ने जांच शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने संदेही रवि सिंह जगत (35 वर्ष), निवासी नवा पथरा, थाना कोटा को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से कुल 240 मीटर केबल तार, एक नग पेचिश तथा लोहे के हुक लगे दो नग चप्पल जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 883/2026 धारा 331(2), 305(ए) बीएनएस एवं अपराध क्रमांक 945/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, प्रभारी उपनिरीक्षक दिलीप साहू, सहायक उपनिरीक्षक शिव साहू एवं प्रधान आरक्षक सत्यप्रकाश यादव की विशेष भूमिका रही।
