✍️ भागीरथी यादव
बलौदाबाजार। जिले के राजादेवरी थाना क्षेत्र अंतर्गत बया चौकी इलाके में एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मुरूमडीह और रायतुम गांव के बीच स्थित जंगल में मिले शव पर चोट के कई गहरे निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक स्थिति को देखते हुए युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।

जानकारी के अनुसार, जंगल के रास्ते से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर खून से लथपथ पड़े शव पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम एफएसएल विशेषज्ञों के साथ घटनास्थल पर पहुंची और बारीकी से जांच शुरू की।
जांच के दौरान मृतक के सीने और कंधे के आसपास धारदार हथियार से किए गए हमले जैसे तीन गहरे घाव मिले हैं। इसके अलावा शरीर पर गोदना (टैटू) के निशान भी पाए गए हैं। पुलिस इन निशानों के आधार पर मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य एकत्र किए हैं।
पुलिस ने घटनास्थल की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मामले में हत्या सहित विभिन्न संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही युवक की मौत की वास्तविक वजह तथा घटना के पीछे की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
